नम आंखों से दी वीर शहीद विनोद सिंह को अंतिम विदाई,राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
Last farewell given to brave martyr Vinod Singh with tearful eyes, last rites were performed with state honours.

देहरादून ( रजनीश प्रताप सिंह तेज ) : जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सपूत नायक विनोद सिंह को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
शहीद नायक विनोद सिंह ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सुरक्षा और एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
गृह नगर लाया गया पार्थिव शरीर
शहीद के पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर डोईवाला के अठूरवाला स्थित आवास पर लाया गया।
यहाँ उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मंत्री जोशी ने शहीद के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
शहीद की नन्ही बच्ची को गले लगा हुए भावुक
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी आज जब शहीद विनोद सिंह के निवास पर पहुंचे तो उनके परिजन उनसे लिपटकर रो पड़े
मंत्री गणेश जोशी ने शहीद की नन्ही बच्ची को अपने गले से लगा लिया तो उनकी भी आँखें नम हो गयी
कायराना हमले का बदला
मंत्री जोशी ने इस अवसर पर पाकिस्तान के कायराना हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि आमने-सामने की लड़ाई में पाकिस्तान कभी भी भारत को नहीं हरा सका है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सेना के जवान इस कायराना हमले का बदला अवश्य लेंगे।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में सरकार शहीद के परिवार के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
शहीद नायक विनोद सिंह का अंतिम संस्कार गंगा तट स्थित पूर्णानंद घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद को अंतिम सलामी दी और पुष्पांजलि अर्पित की।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करके शहीद के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
एक भाई और बेटा भी खोया है
डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह समूचे उत्तराखंड के लिए अत्यंत पीड़ा का क्षण है। उन्होंने कहा, “हमने न केवल एक वीर सैनिक खोया है, बल्कि एक भाई और बेटा भी खोया है।”
उन्होंने शहीद जवानों की वीरता की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे उत्तराखंड की समृद्ध सैन्य परंपरा का पालन करते हुए मां भारती के चरणों में अपना सर्वस्व न्योछावर कर गए हैं।
डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि भारत हमेशा अपने इन शहीद जवानों को याद रखेगा। उन्होंने कहा कि संपूर्ण राज्य को अपने इन वीर बेटों और भाइयों पर गर्व है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में संपूर्ण देश और प्रदेश शहीदों के परिजनों के साथ खड़ा है।
शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल रहे गणमान्य
शहीद नायक विनोद सिंह की अंतिम यात्रा में कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
इनमें कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, जिला अध्यक्ष ऋषिकेश रविन्द्र राणा, एसपी देहात देहरादून लोकजित सिंह, एडीएम जय भारत, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर देवेंद्र नेगी, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, और पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष विनोद कुकरेती शामिल थे। इसके अलावा, सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और शहीद के परिजन भी उपस्थित थे।