pinko казино
DehradunHaridwarNationalUttarakhand

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना,सभी जिले अलर्ट पर

Heavy to very heavy rainfall likely in Uttarakhand from August 14 to 17; all districts on alert.

 

देहरादून,13 अगस्त 2026 : आने वाले दिनों में प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 13 अगस्त 2026 को मौसम का पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है।

इसके दृष्टिगत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जनपदों को पत्र जारी किया है।

पत्र के माध्यम से आवश्यक सावधानियां और तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष रूप से भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना वाले क्षेत्रों में अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

साथ ही वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना वाले क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।

किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

14 से 17 अगस्त तक मौसम का जिलेवार पूर्वानुमान:

14 अगस्त:

देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अति तीव्र बारिश का अनुमान है।

वहीं चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा।

राज्य के शेष जनपदों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त:

राज्य के सभी जनपदों में येलो अलर्ट रहेगा।

इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

पर्वतीय जनपदों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना है।

हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है।

16 अगस्त:

चम्पावत, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

इन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।

देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

17 अगस्त:

देहरादून एवं टिहरी जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

इन दोनों जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।

राज्य के शेष जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज बारिश के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा: सचिव विनोद कुमार सुमन

सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से अपील की है।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

यात्रा से पूर्व मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहें।

भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचें।

इसके अलावा नदी-नालों एवं जलधाराओं के आसपास न जाएं।

भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें।

किसी भी हाल में सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास न करें।

आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।

ऐसी स्थिति में सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।

भारी वर्षा के दौरान उफनती नदियों और नालों में तैरने या नौका विहार करने से बचें।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और जलभराव हो सकता है।

इसके अलावा नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है।

इसलिए सभी नागरिक पूरी सावधानी एवं सतर्कता बरतें।

Related Articles

Back to top button
пинап