देहरादून,आरटीओ चेकपोस्ट के पास कंटेनर ट्रक पलटा, मजदूर की दर्दनाक मौत
Dehradun: Container truck overturns near RTO checkpost; laborer dies a tragic death.
देहरादून,13 अगस्त 2026 : थाना क्लेमेंटाउन क्षेत्र के अंतर्गत Regional Transport Office आरटीओ चेकपोस्ट के समीप एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है,
जहाँ अनियंत्रित होकर पलटे एक कंटेनर ट्रक के नीचे दबने से 19 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कंप्रेसर से सफाई के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, आज (13 अगस्त 2026) की सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटाउन को सूचना मिली
जिसके अनुसार आरटीओ चेकपोस्ट से लगभग 150 मीटर पहले एक कंटेनर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया है और एक व्यक्ति उसके नीचे फंसा हुआ है।
सूचना मिलते ही चौकी आशारोड़ी से पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुँचा।
मौके पर पाया गया कि कंटेनर ट्रक (संख्या HR69F9351) सड़क किनारे पलटा हुआ था।
पुलिस ने तत्काल एनएचएआई (NHAI) के कार्य में लगी दो हाइड्रा क्रेनों को बुलाकर ट्रक को सीधा करवाया,
लेकिन तब तक ट्रक के नीचे दबे युवक की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान और घटना का विवरण
मृतक की पहचान 19 वर्षीय महेश पुत्र रामदीन, निवासी ग्राम नंदूपुर, थाना कमासिन, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि महेश मजदूरी का काम करता था।
आज सुबह वह सड़क साफ करने वाले कंप्रेसर मशीन से रोड की सफाई कर रहा था,
तभी सहारनपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे उसके ऊपर पलट गया।
चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को एम्बुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है
और उत्तर प्रदेश में रह रहे परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
परिजनों के पहुँचने के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर ट्रक को कब्जे में लेकर आशारोड़ी चौकी में खड़ा करवा दिया है।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।





