देहरादून,28 अप्रैल 2026 : देहरादून के थाना प्रेमनगर पुलिस ने क्षेत्र की एक निजी यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित दो दिवसीय रंगारंग कार्यक्रम पर रोक लगा दी है।
जिसके लिए पुलिस ने एक कानूनी नोटिस यूनिवर्सिटी को भेजा है
जिसमें रंगारंग कार्यक्रम रद्द करने की बात कही गयी है
आगामी 1 और 2 मई को होने वाले इस भव्य आयोजन में करीब 10 से 15 हजार दर्शकों की मौजूदगी संभावित थी।
पुलिस द्वारा की गई विस्तृत समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि विगत माह परिसर में हुए छात्र गुटों के खूनी संघर्ष और हत्याकांड के बाद वर्तमान में स्थितियाँ पूरी तरह सामान्य नहीं हैं।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, परिसर में अभी भी वैचारिक मतभेद और संवेदनशील वातावरण बना हुआ है,
जिसे देखते हुए इतने बड़े जमावड़े को अनुमति देना सुरक्षा और लोक व्यवस्था के लिहाज से जोखिम भरा पाया गया।
यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी
प्रेमनगर पुलिस ने यूनिवर्सिटी के उच्चाधिकारियों को औपचारिक नोटिस प्रेषित किया है
जिसमें स्पष्ट किया है कि छात्र हत्याकांड से जुड़ी कानूनी विवेचना अभी प्रचलित है।
ऐसे नाजुक समय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना सकता है।
पुलिस प्रशासन ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रबंधन को आयोजन तत्काल निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग का मानना है कि प्राथमिकता कैंपस में शैक्षणिक अनुशासन और न्याय प्रक्रिया को सुचारू रखने की होनी चाहिए।







