सीएम धामी से मिला ABVP प्रतिनिधिमंडल, M.Sc व M.Com कक्षाएं शुरू करने की करी मांग
ABVP delegation meets CM Dhami; demands commencement of M.Sc. and M.Com. classes.

देहरादून,21 अगस्त 2026 : डोईवाला डिग्री कॉलेज में परास्नातक (PG) स्तर की पढ़ाई को लेकर छात्र संगठनों ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज की मौजूदगी में छात्र नेताओं ने सीएम को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
एमएससी और एमकॉम कक्षाएं शुरू करने की उठी मांग
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में लंबे समय से एमएससी और एमकॉम की मांग की जा रही है।
वर्तमान में स्नातक पास करने के बाद छात्र-छात्राओं को परास्नातक के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है।
कई विद्यार्थियों को मजबूरन आर्ट्स (MA) में दाखिला लेना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने इसी सत्र 2026-2027 से दोनों विषयों की कक्षाएं संचालित करने के आदेश जारी करने का अनुरोध किया।
गेट गार्ड की नियुक्ति की अपील
महाविद्यालय में वर्तमान में 1700 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें छात्राओं की संख्या अधिक है।
कैंपस में सुरक्षा की दृष्टि से एक समर्पित ‘गेट गार्ड’ उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था न होने से बाहरी असामाजिक तत्व परिसर के भीतर बेवजह वाहन दौड़ाते हैं।
छात्र नेताओं ने बताया कि इससे कभी भी कोई अप्रिय दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है।
मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
भाजपा युवा मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी अभिनव गोपाल राणा ने बताया कि सीएम ने मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।
साथ ही छात्र नेताओं ने मार्गदर्शन के लिए प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज का आभार व्यक्त किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में छात्र संघ पदाधिकारी मोहित डंगवाल, अंशुल कृषाली और अभिनव राणा प्रमुख रूप से शामिल रहे।





