पिथौरागढ़ के बंगापानी में इनोवा कार एक्सीडेंट,2 की मौत व दो घायल
Two people died and two were injured in a car accident in Bangapani, Pithoragarh.

पिथौरागढ़,15 मार्च 2026 : जनपद के बंगापानी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया,
जहाँ अनियंत्रित होकर एक इनोवा कार गहरी खाई में जा गिरी।
रविवार, 15 मार्च 2026 को जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के आधार पर एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पोस्ट अस्कोट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में बचाव दल तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, वाहन में कुल चार लोग सवार थे।
रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पूर्व ही स्थानीय निवासियों की मदद से दो घायलों को प्राथमिक उपचार हेतु एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेज दिया गया था।
घटनास्थल पर पहुँची एसडीआरएफ की टीम ने विषम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहन से दो मृतकों के शवों को बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुँचाकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया।
मृतकों में से एक की पहचान मुनस्यारी निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी (पुत्र राम सिंह नेगी) के रूप में हुई है,
जबकि एक अन्य मृतक और दो घायलों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा अन्य व्यक्तियों के नाम और पते की तस्दीक की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।







