देहरादून,24 मार्च 2026: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है।
केहरी गांव में आपसी वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक छात्र की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के इस मामले में निजी शिक्षण संस्थान के तीन छात्रों को हिरासत में लिया है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, घटना कल यानि 23 मार्च 2026 की रात की है।
कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच हिंसक झड़प हुई है,
जिसमें एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा है।
पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा और घायल दिव्यांशु जाटराना (उम्र 22 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर (UP) को CHC प्रेमनगर ले जाया गया।
घायल को सरकारी वाहन से पहुँचाया अस्पताल
घायल दिव्यांशु की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर किया।
अस्पताल की एम्बुलेंस खराब होने के कारण समय जाया न करते हुए पुलिस ने दिव्यांशु को अपने सरकारी वाहन से ही दून अस्पताल पहुँचाया।
हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; देर रात उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों ही प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं।
कॉलेज में अपनी धाक जमाने और वर्चस्व को लेकर इनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी।
इसी विवाद ने सोमवार रात हिंसक रूप ले लिया,
जिसमें लात-घूंसों और हथियारों से दिव्यांशु पर जानलेवा हमला किया गया।
बीएनएस (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है:
धारा 103(1): हत्या (Murder)
धारा 61(2): आपराधिक षड्यंत्र
धारा 191(2): दंगा/बलवा (Rioting)
धारा 3(5): सामान्य आशय (Common Intention)
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस ने घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जो सभी बाहरी राज्यों/जिलों से यहाँ पढ़ने आए थे:
युवराज कुमार (20 वर्ष): निवासी भोजपुर, बिहार (BBA द्वितीय वर्ष)
मधुर खंडेलवाल (19 वर्ष): निवासी रुद्रपुर, उधम सिंह नगर (B.Tech तृतीय वर्ष)
शिवम शर्मा (20 वर्ष): निवासी दानापुर, पटना, बिहार (B.Tech तृतीय वर्ष)








