SIR की शुरुआत, सोमवार से मतदाताओं को BLO घर-घर बांटेंगे गणना फार्म
Launch of SIR: Starting Monday, BLOs will distribute enumeration forms to voters door-to-door.
देहरादून,7 जून 2026 : उत्तराखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और त्रुटिहीन बनाने के लिए सोमवार, 8 जून से एक विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है।
इस महाअभियान के तहत प्रदेश के सभी 11,733 बूथ लेवल ऑफिसर (Booth Level Officer) घर-घर जाकर मतदाताओं को ‘गणना फार्म’ वितरित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (Chief Election Officer) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने राज्य के सभी मतदाताओं से इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और बीएलओ को पूरा सहयोग देने की अपील की है।
एक महीने में पूरा होगा डिजिटलाइजेशन का काममुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी बीएलओ तक गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं।
आगामी 7 जुलाई तक, यानी ठीक एक महीने के भीतर, सभी मतदाताओं से ये फार्म वापस लेकर ‘बीएलओ ऐप’ (BLO App) के माध्यम से इनका शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन किया जाएगा।
इस पूरी कवायद का उद्देश्य उत्तराखंड की मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और आधुनिक बनाना है।
कामकाजी मतदाताओं के लिए ‘बुक ए कॉल’ की आधुनिक सुविधा नौकरीपेशा और दिन में घर से बाहर रहने वाले मतदाताओं की सहूलियत के लिए निर्वाचन आयोग ने इस बार एक बेहद खास डिजिटल फीचर लॉन्च किया है।
कैसे लें लाभ:
यदि कोई मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं है, तो वह ‘Book a Call with BLO’ फीचर का उपयोग कर सकता है।
इसके लिए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [https://voters.eci.gov.in](https://voters.eci.gov.in) पर जाना होगा या फिर ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा।
48 घंटे में संपर्क:
ऐप या वेबसाइट पर एक क्लिक के जरिए कॉल बुक करते ही, अगले दो दिनों (48 घंटे) के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं उस मतदाता से संपर्क करेंगे।
घर पर लगेगा स्टीकर:
यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ कम से कम तीन बार उसके घर का दौरा करेंगे।
अनुपस्थिति की स्थिति में बीएलओ घर के बाहर एक स्टीकर चिपकाएंगे, जिस पर उनकी अगली विजिट की तारीख और मोबाइल नंबर दर्ज होगा, ताकि मतदाता अपनी सुविधानुसार उनसे संपर्क कर सकें।
मतदाता तैयार रखें पासपोर्ट साइज फोटो, किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं
निर्वाचन कार्यालय ने साफ किया है कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच होने वाले इस डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान मतदाताओं से किसी भी प्रकार का कानूनी या पहचान संबंधी दस्तावेज (Documents) नहीं लिया जाएगा।
मतदाताओं को केवल अपना एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराना होगा।
इसके अतिरिक्त, मतदाता स्वयं भी ‘ईसीआई नेट ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन गणना फार्म डाउनलोड कर सकते हैं और इसे भरकर वापस अपलोड कर सकते हैं।
नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 का सुनहरा मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के दौरान यदि कोई भी पात्र नागरिक (जिसका नाम मतदाता सूची में नहीं है) अपना नाम दर्ज कराना चाहता है, तो वह बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकता है।
दावों और आपत्तियों के निस्तारण के समय इन आवेदनों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।
चुनाव आयोग का आगामी शेड्यूल (महत्वपूर्ण तिथियां):
मुख्य निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण की समयसीमा इस प्रकार तय की गई है:
डोर-टू-डोर गणना फार्म वितरण व संकलन 8 जून से 7 जुलाई 2026
ड्राफ्ट रोल (प्रारूप मतदाता सूची) का प्रकाशन 14 जुलाई 2026
दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026
नोटिस जारी करना व आपत्तियों का निस्तारण 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026
अंतिम मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026









