देहरादून “पुलिस कस्टडी में मौत”,रायपुर थानाध्यक्ष सहित 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
Dehradun: "Death in Police Custody"—4 Policemen, Including Raipur Station House Officer, Sent to Reserve Lines
देहरादून: देहरादून के थाना रायपुर में कल मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत गिरफ्तार किए गए एक व्यक्ति की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई.
हालांकि इस मामले में मृतक की पत्नी और साली ने पुलिस पर अभिरक्षा में हत्या का आरोप लगाया है
उन्होंने इस प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग की है
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष रायपुर समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
क्या था मामला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल दिनांक 28 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 3:15 बजे सूचना मिली कि लाडपुर स्थित ‘महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप’ पर एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर हंगामा कर रहा है.
आरोप था कि उस व्यक्ति ने पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे देने से मना कर दिया और कर्मचारियों के साथ बदतमीजी की.
मौके पर पहुँची चीता पुलिस ने आरोपी सुनील रतूड़ी (उम्र 45 वर्ष), निवासी तपोवन रोड, को हिरासत में लिया।
मेडिकल परीक्षण (एल्कोहल मीटर) में शराब की मात्रा 231.6 mg/100ml पाई गई, जो निर्धारित सीमा से अत्यधिक थी.
इसके बाद पुलिस ने उसे धारा 185/207 एमवी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर थाने के कार्यालय में बैठाया गया
थाने में काटा हंगामा और हवालात में मौत
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद भी सुनील रतूड़ी ने थाने के भीतर काफी हंगामा किया
पुलिस के अनुसार, उसके परिचितों को जमानत के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे बिना किसी स्पष्ट जवाब के चले गए।
निरंतर हंगामे के चलते आरोपी को हवालात में दाखिल कर दिया गया।
कुछ देर बाद जब ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी ने हवालात का निरीक्षण किया, तो सुनील रतूड़ी बेहोश अवस्था में मिला।
उसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया
पत्नी और साली ने लगाया हत्या का आरोप
मीडिया को दिए बयान में मृतक पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की पत्नी मिनाक्षी जोशी ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है
मिनाक्षी जोशी ने बताया कि उन्हें पुलिस द्वारा कल शाम 7 बजे सूचना दी गयी कि आपके पति की तबियत खराब है
आप कोरोनेशन हॉस्पिटल आ जाइये
बाद में बताया कि उनकी मृत्यु हो गयी है
मिनाक्षी ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा हिरासत में उसके पति की हत्या की गयी है
इस मामले में मृतक की साली लतिका जोशी ने भी मीडिया को अपना बयान दिया है
लतिका ने कहा कि पुलिस द्वारा उन्हें बताया गया कि सुनील रतूड़ी ने कंबल से आत्महत्या कर ली
लेकिन हमारे देखे जाने पर गर्दन पर कोई ऐसे निशान नही मिले हैं
हम निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हैं
SSP ने की तत्काल कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुँचे
एसएसपी द्वारा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्ष रायपुर और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को तत्काल पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है
प्रकरण की ज्यूडिशियल/मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं
मृतक के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया जाएगा, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वर्तमान में पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा
परिजनों को सूचित कर दिया गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।







