देहरादून के मालदेवता पुल से फंदे पर लटका मिला बालावाला के युवक का शव
Body of a youth from Balawala found hanging from the Maldevta bridge in Dehradun.
देहरादून,20 सितम्बर 2026 : राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित मालदेवता लोहे के पुल पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया
जहां एक युवक का शव पुल से संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है।
पुल के पास मिली स्कूटी से खुला सुराग
घटना रविवार सुबह की है जब राहगीरों ने मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर एक व्यक्ति को लटका देखा और तुरंत रायपुर थाने को सूचित किया।
सूचना मिलते ही मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर एक लावारिस स्कूटी (संख्या UK07FN-9653) भी खड़ी पाई गई।
पुलिस ने जब वाहन के नंबर से जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि यह स्कूटी मृतक के एक नजदीकी रिश्तेदार की है।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस टीम ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव को पुल से नीचे उतरवाया।
मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ ‘शायरी’ (पुत्र कपूरचंद) के रूप में हुई है।
वह मूल रूप से घमंडपुर (रानीपोखरी) का रहने वाला था
वह वर्तमान में वेदवानी विहार (बालावाला, रायपुर) में रह रहा था।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने भी शव की शिनाख्त की है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर संघर्ष या किसी तरह की चोट के कोई बाहरी निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है
पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।









