नीट यूजी 2025 फर्जी दस्तावेज मामले में 2 अभियुक्त गिरफ्तार
Two accused arrested in NEET-UG 2025 forged document case.

देहरादून,22 सितम्बर 2026 : नीट यूजी 2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
दोनों अभियुक्तों की पहचान रूपेश पंडित और अरविंद कुमार के रूप में हुई है।
मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
दो थानों में दर्ज हुए मामले
दिनांक 13 सितंबर 2026 को थाना रायपुर और थाना क्लेमेंटाउन पर अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए।
अभ्यर्थियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए थे।
जांच के दौरान उनके दस्तावेज फर्जी पाए गए।
थाना रायपुर पर मु0अ0सं0 380/26 धारा 318(4), 338, 336(2), 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ।
थाना क्लेमेंटाउन पर मु0अ0सं0 86/26 धारा 318(4), 338, 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ।
एसआईटी का गठन और जांच
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जया बलूनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने प्रकरण से जुड़े सभी दस्तावेजों को कब्जे में लिया।
जांच में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में अंकित पते गलत पाए गए।
एसआईटी ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से दस्तावेज जब्त किए।
इन दस्तावेजों से अभ्यर्थियों के मूल पतों की जानकारी मिली।
आरोपियों से पूछताछ का खुलासा
पूछताछ में पता चला कि रूपेश पंडित पिछले 5 वर्षों से एजुकेशन कंसल्टेंसी का काम कर रहा था।
वह मेरठ में मिकोडो (MECODO) पाठशाला नाम से कंपनी चला रहा था।
वह विभिन्न प्राइवेट यूनिवर्सिटीज और विदेशों में एमबीबीएस, बीटेक, बीसीए, बीबीए, बीकॉम आदि कोर्सों में कमिशन पर एडमिशन दिलाता था।
अरविंद कुमार, रूपेश का पुराना परिचित था।
अरविंद ने अपनी पुत्री परी और दो अन्य परिचितों के बच्चों के एमबीबीएस में दाखिले के लिए रूपेश से संपर्क किया था।
रूपेश ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे से एडमिशन दिलाने और प्रत्येक एडमिशन के एवज में 45 लाख रुपये लेने की बात कही थी।
तीनों अभ्यर्थियों के परिजनों से एडवांस के तौर पर 20-20 लाख रुपये लिए गए थे।
फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर दिलाया दाखिला
रूपेश पंडित ने अपने साथियों के साथ मिलकर तीनों अभ्यर्थियों के कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाए।
इन प्रमाण पत्रों के आधार पर तीनों अभ्यर्थियों ने अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स में दाखिला प्राप्त किया।
एसआईटी प्रकरण के सभी पहलुओं की गहनता से विवेचना कर रही है।
प्रकरण से जुड़े सभी अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1- रूपेश पंडित पुत्र श्री गोपाल पंडित, निवासी ग्राम शिवपुरी, थाना केहाट, तहसील/जिला पूर्णिया (बिहार), हाल निवासी प्लॉट नंबर 90, द्वारिकापुरी कॉलोनी, थाना ब्रह्मपुरी, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष।
2- अरविंद कुमार पुत्र श्री विजयपाल सिंह, निवासी ग्राम बहादरपुर खादर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार।









