देहरादून,20 सितम्बर 2026 : राजधानी के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित मोहब्बेवाला चौक पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।
सहारनपुर से सीमेंट लेकर आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटनास्थल पर त्वरित राहत और बचाव कार्य
रविवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और ट्रैफिक की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भिजवाया।
मृतक जमील (50 वर्ष) के शव को कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस की ओर से शव के पंचायतनामे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले में ट्रक चालक के खिलाफ धारा 105 (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
एनएचएआई को अल्टीमेटम, 3 दिन में मांगा जवाब
पुलिस के अनुसार मोहब्बेवाला चौक पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
देहरादून पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को पूर्व में भी इसके प्रति सचेत किया था।
हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया गया था।
आज पुलिस द्वारा एनएचएआई को पुनः लिखित नोटिस भेजा जा रहा है।
तीन दिन में संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक एवं घायलों का विवरण
हादसे में मृतक की पहचान जमील (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
वह छुटमलपुर, जिला सहारनपुर का रहने वाला था।
घायलों में बबलू कश्यप (45 वर्ष) और उनकी पुत्री रोली (18 वर्ष) शामिल हैं।
दोनों घायल वर्तमान में मोहब्बेवाला, देहरादून के निवासी हैं।









