देहरादून पुलिस ने फरार आरोपी के घर चस्पा किया कुर्की नोटिस
Dehradun Police pasted an attachment notice at the absconding accused's house.
देहरादून,11 अगस्त 2026 : राजधानी में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए दून पुलिस का एक्शन मोड लगातार जारी है।
एसएसपी देहरादून द्वारा वांछित व ईनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए दिए गए सख्त निर्देशों के तहत, पुलिस अब फरार चल रहे शातिर अपराधियों के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कस रही है।
इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने जानलेवा हमले के एक गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त जाबिर भाटी के खिलाफ कुर्की की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मंगलवार, 11 अगस्त को पुलिस टीम ने बाकायदा ढोल-नगाड़ों के साथ अभियुक्त के घर और इलाके के मुख्य चौराहों पर पहुंचकर मुनादी कराई और कुर्की की उद्घोषणा का नोटिस चस्पा किया।
एमजे टावर बेसमेंट में किया था जानलेवा हमला
मामला 28 जून 2026 का है, जब एमजे टावर के बेसमेंट में अभियुक्त जाबिर भाटी ने अपने साथी आसिफ बाबा उर्फ आसिफ मलिक और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर प्रियांश जैन नामक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया था।
इस हमले में प्रियांश गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में मु०अ०सं० 234/2026, धारा 3(5), 109(1), 115(2), 191(2), 351(3) व 352 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया था।
वारदात के बाद से ही आरोपी जाबिर भाटी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था।
अदालत में पेश न होने पर कुर्की की चेतावनी
पुलिस द्वारा पूर्व में आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किए गए थे,
लेकिन जब वह हत्थे नहीं चढ़ा तो पुलिस ने न्यायालय से धारा 84 बीएनएसएस (BNSS) के तहत कार्रवाई के आदेश प्राप्त किए।
मंगलवार को पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में अभियुक्त जाबिर भाटी के निवास स्थान (THDC कॉलोनी, देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास, पटेल नगर) तथा क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ढोल-नगाड़े बजाकर सार्वजनिक उद्घोषणा की।
साथ ही, आरोपी के मकान के मुख्य द्वार और मोहल्ले के चौराहों पर धारा 82 सीआरपीसी का नोटिस चस्पा किया गया।
मुनादी के दौरान पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि अभियुक्त जाबिर भाटी तय समयसीमा के भीतर न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है,
तो अदालत के आदेशानुसार उसकी संपत्ति की कुर्की की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वांछित अभियुक्त का विवरण:
नाम: जाबिर भाटी पुत्र रुकमुद्दीन
पता: THDC कॉलोनी, देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास, पटेल नगर, देहरादून
संबंधित मामला: मु०अ०सं० 234/2026 (कोतवाली नगर)




