400 पौधों के रोपण से महका बुल्लावाला विद्यालय,दीप्ति रावत ने की स्कूल गोद लेने की घोषणा
Bullawala School fragrant with the planting of 400 saplings; Deepti Rawat announces adoption of the school.

देहरादून,25 जुलाई 2026 : अमर शहीद श्रीदेव सुमन के अमर बलिदान दिवस और उत्तराखंड की लोक-संस्कृति के प्रतीक ‘हरेला पर्व’ के पावन अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुल्लावाला में पर्यावरण संरक्षण और शहादत को नमन करने का एक अनूठा संगम देखने को मिला।
विद्यालय परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के तहत बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाकर 400 से अधिक फलदार व छायादार पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद उपस्थित जनसमुदाय ने उत्तराखंड के माटी के लाल शहीद श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
विद्यालय के दिन बहुरेंगे: दीप्ति रावत ने लिया गोद
कार्यक्रम में उस समय उत्साह और बढ़ गया जब भाजपा नेत्री दीप्ति रावत ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुल्लावाला को गोद लेने की सार्वजनिक घोषणा की।
“शहीद श्रीदेव सुमन जी का बलिदान हम सभी के लिए राष्ट्र सेवा और स्वाभिमान की अमर प्रेरणा है।
आज हरेला पर पौधरोपण कर हमने प्रकृति और अपनी शहादत दोनों को नमन किया है।
मैं इस विद्यालय को गोद लेती हूँ और यहाँ जिस भी बुनियादी सुविधा या संसाधन की कमी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा ताकि हमारे बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा और वातावरण मिल सके।”
— दीप्ति रावत, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री
हरेला का संदेश: संवारें अपना कल
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल ने संबोधित करते हुए कहा कि:
“हरेला पर्व हमें प्रकृति से जोड़ता है।
श्रीदेव सुमन जी ने अधिकारों और राज्य के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।
आज हमारा कर्तव्य है कि हम हरेला के संदेश को अपनाकर अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक हरा-भरा और समृद्ध उत्तराखंड सौंपें।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य चन्द्र प्रकाश पाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन से बच्चों में पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों के प्रति एक नया उत्साह जगा है।
क्षेत्रीय जनप्रतियों और ग्रामीणों की रही भारी मौजूदगी
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
खण्ड शिक्षा अधिकारी शिवानी, राजकीय इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य अंसारी,राजपाल रावत, चंद्र भान पाल, राजकुमार, मंगल रौथाण, वार्ड सदस्य बसारत अली, मनोज काम्बोज,आशिया परवीन, तबस्सुम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण।







