उत्तराखंड फिल्म नीति के तहत FTII से पासआउट युवाओं को मिली छात्रवृत्ति
Youth graduating from FTII received scholarships under the Uttarakhand Film Policy.
देहरादून,30 जून 2026 : उत्तराखंड सरकार की ‘फिल्म नीति 2024’ धरातल पर रंग लाने लगी है।
राज्य के युवाओं को इस नीति का प्रत्यक्ष लाभ मिलना शुरू हो गया है।
इसी कड़ी में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद (UFDC) ने देश के प्रतिष्ठित ‘भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान’ (FTII), पुणे से पासआउट राज्य के तीन प्रतिभावान युवाओं को छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान कर दिया है।
क्या है छात्रवृत्ति का प्राविधान ?
उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत राज्य के मूल निवासी छात्र-छात्राओं को फिल्म निर्माण और इससे जुड़े क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
इसके तहत:
पात्र संस्थान:
भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (FTII) पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI) कोलकाता या अन्य ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय संस्थान।
चयन का आधार:
मैरिट के आधार पर, पाठ्यक्रम सफलतापूर्ण पूरा होने और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद।
छात्रवृत्ति का प्रतिशत:
पाठ्यक्रम पर हुए कुल व्यय के अनुसार एससी (SC), एसटी (ST) और ओबीसी (OBC) वर्ग के छात्रों को 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
इन तीन युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बंशीधर तिवारी ने बताया कि नीति के नियमों के तहत निम्नलिखित तीन छात्रों को छात्रवृत्ति की राशि सीधे हस्तांतरित कर दी गई है:
प्रवीण सेमवाल (रुद्रप्रयाग):
ग्राम व पोस्ट उखीमठ निवासी प्रवीण को FTII से एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए ₹65,682 की छात्रवृत्ति दी गई है।
कविता (चमोली):
ग्राम हरनी (मुंदोली) की रहने वाली कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए कुल ₹1,27,619 का भुगतान किया गया है।
देवेश भट्ट (नैनीताल):
तल्लीताल निवासी देवेश को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा के लिए कुल ₹1,38,990 की छात्रवृत्ति राशि जारी की गई है।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
“उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा के धनी हैं।
राज्य सरकार का निरंतर प्रयास है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हों।
उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
फिल्म जगत में शिक्षा प्राप्त करने वाले राज्य के युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर सरकार उनके सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रही है।”








