डोईवाला की केशवपुरी बस्ती में ‘महाभारत’,दो पक्षों के बीच जमकर चले पत्थर, लाठी-डंडे और हथौड़े
'Mahabharata' Erupts in Doiwala's Keshavpuri Colony: Stones, Sticks, and Hammers Fly as Two Factions Clash Violently
देहरादून,14 मई 2026 : डोईवाला के केशवपुरी बस्ती इलाके में बुधवार रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया।
देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे, पत्थर और यहाँ तक कि हथौड़ों का इस्तेमाल किया गया।
इस हिंसक झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है,
जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बीच-बचाव करने गए युवक पर हमला
घटना 13 मई 2026 की रात करीब 8:00 बजे की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में केशवपुरी निवासी मोनू (पुत्र रामदुलारे) ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि त्रिपुरारी मंदिर के पास उसके भाई चुन्नू और उसके दोस्तों (करण, नबी, मनीष, विशाल और सूरज) का कुछ स्थानीय लड़कों के साथ झगड़ा हो रहा है।
जब मोनू मौके पर पहुँचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए।
आरोप है कि दूसरे पक्ष से आए 8 से 10 अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से मोनू और उसके साथियों पर हमला बोल दिया।
हथौड़े के वार से युवक की हालत नाजुक
पीड़ित मोनू के अनुसार, हमलावरों ने न केवल लाठी-डंडों का प्रयोग किया बल्कि हथौड़े से भी वार किए।
इस हमले में एक अन्य युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए देहरादून के दून अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
“दोबारा दिखे तो जान से मार देंगे”
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने कहा कि “दोबारा इलाके में दिखे तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।”
इस घटना के बाद से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए माहौल को शांत किया है
पुलिस की कार्रवाई
मोनू की शिकायत पर डोईवाला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।






