पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप ऊपर से नशे की खुमारी,पुलिस ने की कार्रवाई
Father's Police Uniform and Peaked Cap—Compounded by Intoxication: Police Take Action

देहरादून,10 मई 2026 : कहते हैं कानून के हाथ लंबे होते हैं, और जब बात मर्यादा की सीमा लांघने की हो, तो खाकी अपना इकबाल बुलंद करना जानती है।
कुछ ऐसा ही नजारा मसूरी के लाइब्रेरी चौक पर देखने को मिला,
जहां पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का ‘नशा’ उतारने में देहरादून पुलिस ने चंद मिनट भी नहीं लगाए।
डैशबोर्ड पर कैप, हैंगर पर वर्दी
वर्तमान में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते मसूरी में पर्यटकों का भारी जमावड़ा है।
सुगम यातायात और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस की नजर एक वैगनआर कार (UP 15 DZ 2906) पर पड़ी।
हैरत की बात यह थी कि कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप सजी थी
इसके साथ ही पिछली सीट के दरवाजे पर एक उपनिरीक्षक (SI) की वर्दी हैंगर पर टंगी थी।
पहली नजर में ऐसा लगा मानो कोई पुलिस अधिकारी ड्यूटी पर हो,
लेकिन करीब जाकर तफ्तीश की गई तो माजरा कुछ और ही निकला।
नशे में धुत था युवक,टोल और पार्किंग के लिए बनाया ‘कवच’
पुलिस ने जब गाड़ी को रोककर चालक से पूछताछ की, तो उसकी पहचान विनय सिंह (निवासी मेरठ, यूपी) के रूप में हुई।
युवक न केवल नशे की हालत में वाहन चला रहा था,
बल्कि उसके साथ तीन अन्य साथी भी सवार थे।
कड़ाई से पूछताछ करने पर युवक की हेकड़ी निकल गई।
उसने स्वीकार किया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं।
टोल टैक्स बचाने, पार्किंग शुल्क से बचने और रास्ते में पुलिसिया धौंस जमाकर फायदा उठाने के लिए वह अपने पिता की वर्दी और टोपी का दुरुपयोग कर रहा था।
गाड़ी सीज, आरोपी गिरफ्तार
मसूरी पुलिस ने इस फर्जीवाड़े और यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कड़ा रुख अपनाया।
पुलिस ने अभियुक्त को नशे की हालत में वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया।
नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
गाड़ी से मिली वर्दी और पी-कैप को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की गई।
अन्य गाड़ियों पर भी गिरी गाज
इस विशेष अभियान के दौरान केवल फर्जी वर्दी ही नहीं, बल्कि काली फिल्म लगाकर घूमने वाले हुड़दंगियों पर भी कार्रवाई हुई।
पुलिस ने कई वाहनों से काली फिल्म उतारी और सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क की गई गाड़ियों के चालान काटे।




