देहरादून ओवरटेकिंग विवाद में अंधाधुंध फायरिंग,मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति की गोली लगने से मौत
Indiscriminate Firing in Dehradun Overtaking Dispute; Morning Walker Shot Dead
देहरादून,30 मार्च 2026 : राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है।
मसूरी रोड पर दो कारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया,
जिसकी चपेट में आने से एक बेगुनाह राहगीर को अपनी जान गंवानी पड़ी।
आज सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी और राजपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो-N के बीच साइड देने को लेकर बहस शुरू हुई थी।
विवाद इतना बढ़ा कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू कर दिया।
जोहड़ी गांव के पास फॉर्च्यूनर को रोकने के इरादे से आरोपियों ने उसके टायरों पर गोलियां चला दीं।
बेगुनाह की गई जान, कार सवारों से मारपीट
इस अंधाधुंध फायरिंग के दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लग गई।
वहीं, टायरों पर गोली लगने के कारण फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से जा टकराई।
इसके बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ
उन्होंने कार को क्षतिग्रस्त किया और फॉर्च्यूनर सवार दो व्यक्तियों के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई
एसएसपी देहरादून ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
एसएसपी के निर्देशानुसार:
पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान और नाकेबंदी कर दी गई है।
घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं
और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपुष्ट जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आर्मी के रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी बताया जा रहा है





