चमकेगा डोईवाला दशहरा मेला ग्राउंड,अंतिम चरण में पार्क निर्माण कार्य
Doiwala Dussehra Mela Ground will shine, park construction work in the final stage

देहरादून,25 फरवरी 2026 : डोईवाला के दशहरा ग्राउंड के सौन्दर्यकरण और विकास का कार्य अंतिम चरण में है
आज नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने अधिकारियों और समिति सदस्यों के साथ मौका मुआयना किया
उन्होंने पार्क को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण जनसुविधा के रूप में विकसित करने की बात कही
97 लाख की लागत से पार्क निर्माण
गौरतलब है कि पूर्व शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दशहरा ग्राउंड में पार्क विकसित करने के लिये बजट स्वीकृत किया था
अब वार्ड नंबर 11 स्थित दशहरा मेला ग्राउंड में ₹97 लाख की लागत से पार्क का निर्माण किया जा रहा है
जो जल्द ही पूर्ण होने जा रहा है
आज बुधवार को ‘पात्र दशहरा मेला एवं क्रीड़ा समिति’ के सदस्यों और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
गुणवत्ता और जन-उपयोगिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने पार्क को सुरक्षित, स्वच्छ और हरियाली से भरपूर बनाने पर चर्चा की।
इस दौरान पार्क में विकसित की जा रही सुविधाओं जैसे— पैदल पथ (वॉकिंग ट्रैक), बैठने की व्यवस्था, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता मानकों का बारीकी से जायजा लिया गया।
प्रबुद्ध नागरिकों ने सुझाव दिया कि पार्क को बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी वर्गों के लिए सुलभ और सुरक्षित बनाया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने की प्रशंसा
नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मैदान पिछले तीन दशकों से नगर की सांस्कृतिक पहचान रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होगा।
मैदान में बिजली की चाक-चौबंद व्यवस्था की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ इसे सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा।
समिति के सचिव राजेंद्र वर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि इस ग्राउंड के अस्तित्व को बचाने के लिए समिति ने 30 वर्षों तक निरंतर संघर्ष किया है।
यह पार्क केवल एक निर्माण मात्र नहीं, बल्कि नगर की सामूहिक स्मृतियों का संरक्षण है।
अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित भविष्य का संकल्प
निरीक्षण के दौरान मौजूद नागरिकों ने पार्क के भविष्य के रखरखाव और इसे अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
समिति सदस्यों ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष दामन बाली, सभासद अमित कुमार, अभिषेक अग्रवाल, अनिल महावर, भारत गुप्ता, राजेश सिंगारी, इलम चंद, एडवोकेट विनीत लोधी, अरविंद कुमार, जतिन साहनी, गौरव लोधी, संदीप विश्वकर्मा और नगर पालिका के अवर अभियंता अखिलेश खंडूरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे









