यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर भूस्खलन,2-3 यात्री चपेट में, रेस्क्यू जारी
Landslide on Yamunotri Dham walking route, 2-3 passengers trapped, rescue operation underway

देहरादून,23 जून 2025 ( रजनीश प्रताप सिंह तेज ) : आज दोपहर यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर एक बड़ा भूस्खलन हो गया, जिसमें 2 से 3 यात्रियों के चपेट में आने की आशंका है.
यह घटना यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर भैरव मंदिर के पास नौ कैंची नामक स्थान पर करीब 4 बजे हुई.
भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे की चपेट में आए यात्रियों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
रेस्क्यू टीमों ने अब तक एक घायल यात्री को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया है, जिसे तुरंत उपचार के लिए जानकीचट्टी ले जाया जा रहा है.
मौसम की चुनौतियों और दुर्गम पहाड़ी रास्ते के बावजूद, बचावकर्मी फंसे हुए अन्य यात्रियों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं.
यमुनोत्री यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.