डोईवाला नगर पालिका में 5 नए कूड़ा वाहन और ‘कैटल कैचर’ वाहन शामिल
5 New Garbage Vehicles and a 'Cattle Catcher' Vehicle Added to Doiwala Municipality

देहरादून,23 मार्च 2026 : नगर पालिका परिषद डोईवाला ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया है।
आज पालिका परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पांच नए कूड़ा संग्रहण वाहनों और निराश्रित पशुओं को पकड़ने हेतु एक अत्याधुनिक ‘कैटल कैचर’ (Cattle Catcher) वाहन का विधिवत पूजन कर हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
जनता को निराश्रित गोवंश से मिलेगी मुक्ति
गौरतलब है कि डोईवाला क्षेत्र में पिछले लंबे समय से निराश्रित गोवंश एक गंभीर समस्या बना हुआ था।
सड़कों पर घूमते गोवंश द्वारा अचानक हमला करने से कई राहगीर और दुकानदार चोटिल हो चुके थे,
जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भय का माहौल था।
इसके अतिरिक्त, ये पशु कूड़े के ढेरों से पॉलीथिन खा लेते थे,
जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी संकट मंडरा रहा था।
हालांकि पूर्व में नगर पालिका एनजीओ के माध्यम से इन्हें गौशाला भिजवाती रही है,
लेकिन अब स्वयं के ‘कैटल कैचर’ वाहन से इस समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सकेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी का वक्तव्य:
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने संबोधित करते हुए कहा:
“नगर पालिका परिषद डोईवाला शहर के सर्वांगीण विकास और जन-सुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लंबे समय से जनता निराश्रित गोवंश के कारण हो रही दुर्घटनाओं से परेशान थी और कैटल कैचर की मांग कर रही थी।
आज इस वाहन के आने से न केवल राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि हम गौवंश को सुरक्षित गौशालाओं तक पहुँचाकर उन्हें पॉलीथिन जैसे घातक कचरे से भी बचा सकेंगे।
साथ ही, पांच नए कूड़ा वाहनों के जुड़ने से डोईवाला ‘क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी’ के लक्ष्य को तेजी से प्राप्त करेगा।”
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति
शुभारंभ के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी,अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह, सभासद गौरव मल्होत्रा, राकेश डोभाल, ईश्वर रौथान, सुरेंद्र लोधी, प्रकाश कोठारी, सचिन रावत, अवतार सिंह, कपिल कुमार, अमित सैनी, सभासद अमित कुमार, सभासद अरुण सोलंकी, विनीत मनवाल और कुलदीप सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









