जौलीग्रांट से पिथौरागढ़ के बीच 42-सीटर विमान सेवा शुरू
42-Seater Flight Service Launched Between Jolly Grant and Pithoragarh

देहरादून,26 2026 : उत्तराखंड के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।
रामनवमी के पावन अवसर पर शुरू हुई यह 42-सीटर विमान सेवा न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है,
बल्कि अब सीमांत जनपद पिथौरागढ़ और राजधानी देहरादून के बीच की दूरी महज एक घंटे में सिमट गई है।
हवाई चप्पल वाला नागरिक भी अब आसमान में: सीएम धामी
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, “एक दौर था जब हवाई यात्रा केवल खास वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज ‘उड़ान’ (UDAN) योजना ने इसे आम आदमी की पहुंच में ला दिया है।
अब हवाई चप्पल पहनने वाला नागरिक भी सस्ती दरों पर हवाई सफर का आनंद ले रहा है।”
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दे दी है,
जिसके तहत अगले 10 वर्षों में ₹29,000 करोड़ के बजट से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।
इसका सीधा लाभ उत्तराखंड जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों वाले राज्यों को मिलेगा।
पर्वतीय क्षेत्रों की ‘जीवन रेखा’ बनी हवाई सेवाएं
पहाड़ी भूगोल का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए हवाई सेवा सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि ‘जीवन रेखा’ है।
आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट करने से लेकर दुर्गम क्षेत्रों तक आवश्यक सामग्री पहुँचाने में यह तंत्र मील का पत्थर साबित हो रहा है।
योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है।
राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए वर्ष 2023 में “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” प्रारंभ की गई है।
वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर उड़ानों का नियमित संचालन किया जा रहा है।
बीते चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है। साथ ही, हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है।
उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” जैसा राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।
एक घंटे में पूरा होगा पिथौरागढ़ का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून- पिथौरागढ़ हवाई सेवा के प्रारंभ होने से, पिथौरागढ़ के लोग एक घंटे में देहरादून तक पहुंच सकते हैं।
इस सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले हमारे सीमांत क्षेत्रों को वर्षों तक उपेक्षित रखा, जिस कारण इन क्षेत्रों में विकास की गति सीमित रही।
आज केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम कर रही हैं।
इसी दिशा में चलते हुए पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच भी हेली सेवा प्रारंभ की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने का काम भी कर रही है।
इसी क्रम में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखंड सरकार के मध्य नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए एमओयू भी किया है, जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र को और भी अधिक फायदा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं
समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं
और देवभूमि में हवाई सुविधाओं के विस्तार हेतु हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस गरिमामयी अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान सहित शासन और एलाइंस एयर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे









