मोतीचूर फ्लाईओवर थार कांड : बस चालक पर थार चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Motichur Flyover Thar Incident: Accused who drove Thar over bus driver arrested.

देहरादून,20 अगस्त 2026 : एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर रायवाला पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपी थार चालक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
अभियुक्त ने बस चालक से हुई कहासुनी के बाद तैश में आकर उस पर गाड़ी चढ़ा दी थी।
इसके साथ ही वह एक अन्य वाहन को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया था।
क्या था पूरा मामला ?
13 अगस्त 2026 को वादिनी प्राची शर्मा ने थाना रायवाला पर शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय जौलीग्रांट की बस बच्चों और स्टाफ को लेकर हरिद्वार छोड़ने जा रही थी।
नेपाली फार्म के पास एक ब्लैक कलर की थार (UK 06 BD 0070) के चालक ने बस के आगे-पीछे खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना शुरू कर दिया।
मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस रोककर जब चालक ने इस संबंध में पूछा तो थार चालक ने जानबूझकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी।
बस चालक को कुछ दूर तक घसीटने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।
इसके बाद आरोपी एक मारुति सियाज कार को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।
दिल्ली-मेरठ में दबिश के बाद ऋषिकेश से हुई गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने अभियुक्त की तलाश में मेरठ और दिल्ली में लगातार दबिशें दीं।
पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ऋषिकेश कोर्ट में सरेंडर करने आ रहा है।
19 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने बहादराबाद तिराहा के पास से आरोपी देव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
20 वर्षीय अभियुक्त देव चौधरी ने पूछताछ में बताया कि थार उसके पिता के मित्र के नाम दर्ज है।
नेपाली फार्म पर बस में उसकी एक परिचित लड़की बैठी थी, जिस कारण वह बस के आगे-पीछे थार चला रहा था।
बस रुकने पर जब लोग उस पर चिल्लाने लगे तो उसने गुस्से में आकर गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी।
घटना के बाद वह शिवालिक नगर स्थित घर में गाड़ी खड़ी कर मेरठ रिश्तेदारी में भाग गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: देव चौधरी (उम्र 20 वर्ष)
पिता का नाम: गुड्डू चौधरी उर्फ विकास चौधरी
पता: गली नं. 07, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, न्यू शिवालिक नगर, थाना रानीपुर, हरिद्वार।
पुलिस टीम
आरोपी को दबोचने वाली टीम में उपनिरीक्षक रघुबीर कपरवान, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।







