pinko казино
CrimeDehradunUttarakhand

महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाला फेसबुक का ‘पहाड़ी प्रेमी’ गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Facebook's 'Pahadi Premi' arrested and jailed for obscene remarks against women

देहरादून,19/07/2026 : सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र और अश्लील टिप्पणी करने वाले के खिलाफ दून पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।

फेसबुक पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोपी ‘पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी’ को डालनवाला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

 क्या है पूरा मामला ?

18 जुलाई 2026 को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा ने कोतवाली डालनवाला में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप था कि ‘पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी’ नाम के फेसबुक अकाउंट से महिलाओं के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है।

इससे न सिर्फ महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँच रही थी, बल्कि समाज में तनाव और वैमनस्य फैलने का खतरा भी बना हुआ था।

शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352/79 और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया।

 दिल्ली से दबोचा गया आरोपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपी राजेन्द्र सिंह रावत (पुत्र प्रेम सिंह, उम्र 40 वर्ष) को ढूंढ निकाला।

आरोपी मूल रूप से ग्राम भरगढी (पौड़ी गढ़वाल) का निवासी है और वर्तमान में इंदिरा पार्क, नई दिल्ली में रह रहा था।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शांति व्यवस्था भंग होने के खतरे को देख भेजा जेल

आरोपी की इस हरकत से आम जनता और महिलाओं में भारी आक्रोश था, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की पूरी आशंका थी।

इसी के दृष्टिगत पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र सिंह रावत को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से अदालती आदेश पर उसे जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में निम्नलिखित अधिकारी व कर्मचारी रहे शामिल :
अश्वनी बलूनी (उप-निरीक्षक, चौकी प्रभारी आराघर)
रजनीश कुमार सैनी (उप-निरीक्षक)
विनयता चौहान (महिला उप-निरीक्षक)
विनय कुमार (कांस्टेबल)
आदित्य राठी (कांस्टेबल)

Related Articles

Back to top button
пинап