डोईवाला सुगर मिल में पेराई सत्र का समापन कल,मिल प्रशासन ने जारी की अंतिम सूचना
Crushing season ends tomorrow at Doiwala Sugar Mill; Mill administration issues final notice
देहरादून,25 फरवरी 2026 : डोईवाला सुगर कम्पनी लिमिटेड ने वर्तमान पेराई सत्र 2025-26 के लिए मिल बंदी की तृतीय और अंतिम सूचना जारी कर दी है।
मिल प्रशासन के अनुसार, चीनी मिल 26 फरवरी 2026 को अपना पेराई कार्य अंतिम रूप से बंद कर देगी।
सभी 57 वाह्य केंद्र हुए बंद
मुख्य गन्ना प्रबंधक की रिपोर्ट के अनुसार, गन्ने की आपूर्ति पूरी होने और क्षेत्र में गन्ने की कमी के चलते सभी 57 वाह्य गन्ना क्रय केंद्रों पर खरीद बंद कर दी गई है।
इसमें शामिल हैं:
रुड़की समिति: 22 केंद्र
देहरादून समिति: 21 केंद्र
डोईवाला समिति: 05 केंद्र
ज्वालापुर समिति: 06 केंद्र
पांवटा (H.P.) समिति: 02 केंद्र
लक्सर समिति: 01 केंद्र
किसानों से अपील: कल तक कराएं गन्ने की आपूर्ति
मिल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पिछले कई दिनों से ‘मिल गेट’ को फ्री रखने के बावजूद पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना नहीं मिल पा रहा है।
इससे संकेत मिलता है कि अधिकांश किसानों के पास अब गन्ना शेष नहीं है।
मिल प्रबंधन का अनुमान है कि उपलब्ध अवशेष गन्ने की पेराई 26 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।
सभी गन्ना किसानों से अनुरोध किया गया है कि यदि उनके पास आपूर्ति योग्य गन्ना अभी भी अवशेष है, तो वे अनिवार्य रूप से कल (26 फरवरी) तक मिल गेट पर उसकी आपूर्ति सुनिश्चित करें।
इसके पश्चात मिल को इस सत्र के लिए अंतिम रूप से बंद कर दिया जाएगा।









