देहरादून,29 मार्च 2026 : राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र के अंतर्गत कुंआवाला के आरक्षित वन क्षेत्र में आज एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया।
शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया है,
जिसकी सूचना मिलते ही डोईवाला पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है
डोईवाला पुलिस के अनुसार, आज सुबह करीब 10:45 बजे कंट्रोल रूम (112) के माध्यम से एक सूचना प्राप्त हुई
जिसके अनुसार कुंआवाला जंगलात चौकी के समीप जंगल के भीतर एक व्यक्ति का शव पेड़ पर फंदे से लटका है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डोईवाला, प्रदीप कुमार राणा अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे।
मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस ने बताया कि मृतक की आयु लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है।
शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब 5-6 दिन पुराना है
और पूरी तरह सड़-गल चुका है।
प्राथमिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या (Suicide) का मामला मानकर चल रही है।
हुलिए से मृतक मजदूर वर्ग (Labour Class) का लग रहा है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और आसपास के क्षेत्रों में शव की शिनाख्त (Identification) कराने के प्रयास किए,
लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में हाल के दिनों में इस आयु वर्ग की किसी भी व्यक्ति की गुमशुदगी (Missing Report) दर्ज नहीं कराई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपदीय फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को मौके पर बुलाया गया,
जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतक का कद करीब 5 फुट 6 इंच आंका गया है।
डोईवाला पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है






