CM आवास घेराव के बाद कांग्रेसियों पर मुकदमे व गाड़ियां जब्त करने का आरोप,दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
Congress members face charges and vehicle seizures following the siege of the CM's residence; they have warned of a major agitation.

देहरादून: आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास घेराव के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और उनके साथियों के खिलाफ कैंट व डोईवाला कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार के दबाव में पुलिस कार्यकर्ताओं को परेशान कर आंदोलन की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
घेराव में शामिल वाहनों को चिन्हित कर बिना किसी पूर्व नोटिस के जबरन जब्त करने का भी आरोप लगाया गया है।
डालनवाला पुलिस द्वारा डोईवाला से अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद के वाहन को रोककर जब्त कर लिया गया।
वाहन जब्ती से पूर्व नोटिस न मिलने पर पुलिस अधिकारियों को रोककर परवादून कांग्रेस कार्यालय लाया गया, जहाँ नोटिस दिया गया।
मोहित उनियाल के अनुसार, कार्रवाई का कारण पूछने पर पुलिस अधिकारियों ने ‘ऊपर से दबाव’ होने की बात स्वीकार की है।
उन्होंने सवाल उठाया कि वैधानिक कार्रवाई के नाम पर निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन क्यों किया जा रहा है।
‘मुकदमों से नहीं डरेंगे’: आर-पार की लड़ाई का ऐलान
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी छात्र हितों और न्याय की इस लड़ाई में पीछे नहीं हटने वाली है।
मुकदमों और पुलिसिया दबाव के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक बताया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न और वाहनों की जब्ती तुरंत बंद न हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
निष्पक्ष जांच न होने की स्थिति में उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस घटना के बाद डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह,डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी,वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल,डोईवाला गुरुद्वारा सिंह सभा अध्यक्ष गुरदीप सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताजिंदर सिंह ताज,बीडीसी सदस्य इंद्रजीत सिंह,मंडलम अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी,बलबीर सिंह,राहुल सैनी,शार्दूल नेगी,राहुल आर्य,विवेक सैनी,स्वतंत्र बिष्ट परवादून कांग्रेस कार्यालय, डोईवाला पहुंचे और पुलिस की कार्यवाही के खिलाफ रोष व्यक्त किया









