फर्जी IPS बनकर लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार, SSP की सटीक रणनीति से दून पुलिस को मिली सफलता
फर्जी IPS बनकर लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार, SSP की सटीक रणनीति से दून पुलिस को मिली सफलता

देहरादून :- 16 जुलाई 2026, SSP देहरादून की सटीक रणनीति के तहत थाना राजपुर पुलिस ने खुद को आईपीएस अधिकारी, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, रॉ एजेंट और सीआरपीएफ अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, विजिटिंग कार्ड, वर्दियां, वायरलेस सेट और अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
दो मामलों में दर्ज हुई थी ठगी की शिकायत
पहले मामले में 8 जुलाई को डाकरा बाजार निवासी अंशुल उपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी यशोवर्धन ने खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर उनकी दिवंगत माता के नाम पर कंपनी का पंजीकरण कराने का झांसा दिया और 15 लाख रुपये ठग लिए।
वहीं, 15 जुलाई को डॉ. अनुषा ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया कि आरोपी ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए रक्षा मंत्रालय में डेटा साइंस कंसल्टेंट की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उनसे 4.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 16 जुलाई को मसूरी रोड स्थित सीएसआई तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
UPSC में असफल होने के बाद बना फर्जी अधिकारी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता एक वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बचपन से उसका सपना आईपीएस अधिकारी बनने का था। कई वर्षों तक यूपीएससी की तैयारी करने के बावजूद सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने फर्जी आईडी, विजिटिंग कार्ड और वर्दियां बनवाकर खुद को आईपीएस, सैन्य अधिकारी और अन्य एजेंसियों का अधिकारी बताना शुरू कर दिया। लोगों को नौकरी, टेंडर और अन्य सरकारी काम कराने का झांसा देकर वह लाखों रुपये की ठगी करता था।
फर्जी आईडी, वर्दी और वायरलेस सेट बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 फर्जी आईडी कार्ड, 8 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 25 पुलिस/आर्मी के लोगो, 3 जोड़ी आर्मी/पैरामिलिट्री वर्दी, 3 फर्जी रिबन, 1 वायरलेस सेट और 1 लैपटॉप बरामद किया है।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर. यशोवर्धन (35 वर्ष) पुत्र एस. रामास्वामी, निवासी ऑफिसर्स रेजिडेंशियल कॉलोनी, आईएचएम कैंपस, गढ़ी कैंट, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस टीम:
नितिन लोहानी, क्षेत्राधिकारी डालनवाला
उ.नि. पी.डी. भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर
उ.नि. अनित कुमार
कां. अमित
कां. मोहित
हे.कां. किरण कुमार (एसओजी, तकनीकी सहायक)






