हिम्स जॉलीग्रांट और टीएचडीसी की बड़ी पहल: टिहरी में शुरू हुआ साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर
Major initiative by HIMS Jollygrant and THDC: Weekly specialist medical camp launched in Tehri.

देहरादून : टिहरी और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी और राहत भरी खबर है.
हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जॉलीग्रांट, देहरादून और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने एक अनूठी संयुक्त पहल की है.
इसके तहत टिहरी जिले के भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसीआईएल (THDCIL) चिकित्सालय में साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया है.
इस बेहतरीन पहल के माध्यम से क्षेत्र के आम नागरिकों, टीएचडीसी कर्मचारियों और उनके आश्रितों को अब सुपर-स्पेशियलिटी इलाज के लिए दूर नहीं भागना पड़ेगा.
उन्हें स्थानीय स्तर पर ही हिमालयन हॉस्पिटल के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित सेवाएं मिल सकेंगी
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया दीप प्रज्ज्वलन
चिकित्सा शिविर का उद्घाटन स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल और मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन/केन्द्रीय संचार) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
(एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि “हमारा उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है
हिम्स के विशेषज्ञ चिकित्सक अब हर हफ्ते टिहरी आकर मरीजों को परामर्श और उपचार देंगे
टीएचडीसी के साथ यह सहयोग जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।”
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूतीटीएचडीसी के अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद ने कहा कि यह कदम कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय जनता को बेहतरीन इलाज देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है
वहीं, मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल ने कहा कि टीएचडीसी केवल बिजली उत्पादन ही नहीं,
बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के कार्यों के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है
इस पूरी पहल को धरातल पर उतारने में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग,पूजा गर्ग और ‘तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब’ की सक्रिय भूमिका और सतत प्रयास बेहद सराहनीय रहे
मुख्य महाप्रबंधक डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने भी इसे स्थानीय समुदाय के स्वास्थ्य के प्रति एक सशक्त कदम बताया
कब और कौन से डॉक्टर मिलेंगे ?
प्रत्येक बुधवार को भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसीआईएल अस्पताल में मरीजों की जांच की जाएगी
डॉक्टरों का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा
मेडिसिन (General Medicine) प्रत्येक बुधवार (Every Wednesday)
स्त्री एवं प्रसूति रोग (Gynecology)प्रत्येक बुधवार (Every Wednesday)
बाल रोग (Pediatrics)प्रत्येक बुधवार (Every Wednesday)
ईएनटी (नाक, कान, गला विशेषज्ञ) प्रत्येक महीने के प्रथम एवं तृतीय बुधवार
ये रहे उपस्थित
इस उद्धाटन समारोह में डॉ. हेमचंद्र पांडेय सहित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कई वरिष्ठ अधिकारी, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की सदस्याएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, क्षेत्र के नागरिक और बड़ी संख्या में टीएचडीसी के कर्मचारी मौजूद रहे।






