
देहरादून,9 जुलाई 2026 : भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय ने हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में फर्जी हॉलमार्किंग की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है
इसके तहत दो प्रतिष्ठित आभूषण प्रतिष्ठानों पर तलाशी एवं जांच की।
यह अभियान बीआईएस अधिनियम, 2016 के तहत चलाया गया।
जहांगीर और बादशाह प्रतिष्ठानों पर छापा
बीआईएस की टीम ने ज्वालापुर स्थित जहांगीर और बादशाह नामक दो आभूषण प्रतिष्ठानों पर विस्तृत जांच की।
कार्रवाई के दौरान हॉलमार्किंग उपकरणों, अभिलेखों एवं अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की गई।
इस दौरान एक कटिंग मशीन भी बरामद हुई,
जिसे आगे की तकनीकी जांच के लिए बीआईएस द्वारा निगरानी में रखा गया है।
बीआईएस अधिनियम 2016 के तहत जांच जारी
बीआईएस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत की गई है।
जांच पूर्ण होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बीआईएस ने आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
BIS Care App में नई सुविधा:
फोटो और वजन से करें सत्यापन
बीआईएस, देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने बताया कि 1 जून 2026 से BIS Care App में एक महत्वपूर्ण सुविधा जोड़ी गई है।
अब उपभोक्ता 6 अंकों वाले HUID को स्कैन करके आभूषण की फोटो एवं वजन भी देख सकते हैं।
इससे यह सुनिश्चित करना आसान हो गया है कि खरीदा जा रहा आभूषण वही है, जिसके लिए HUID जारी किया गया है।
“अब उपभोक्ता कुछ ही सेकंड में आभूषण की प्रामाणिकता की पुष्टि कर सकते हैं।
यह सुविधा फर्जी हॉलमार्किंग को रोकने में सहायक होगी।”
— सचिन चौधरी, संयुक्त निदेशक, बीआईएस देहरादून







