रानीपोखरी में हेड कांस्टेबल की सरकारी कार्बाइन की गोली लगने से हुई मौत
Head Constable Dies in Ranipokhri After Being Struck by a Bullet from His Service Carbine

देहरादून,26 मई 2026 : देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट (Jollygrant Airport) पर गार्ड ड्यूटी में तैनात पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की अपनी ही सरकारी कार्बाइन से गोली लगने के कारण संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना सोमवार रात (25 मई) की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उच्चाधिकारियों सहित Forensic Science Laboratory की टीम मौके पर पहुंची।
बीमार पत्नी की खबर सुन आनन-फानन में आए थे घर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त हेड कांस्टेबल सुनील कुमार वर्तमान में राज्य अतिथि गृह (State Guest House) जॉलीग्रांट में गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे और वहीं रह रहे थे।
सोमवार रात करीब 9:15 बजे परिजनों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनकी पत्नी की तबीयत अचानक बहुत खराब हो गई है।
पत्नी की बीमारी की खबर सुनते ही सुनील कुमार आनन-फानन में अपनी सरकारी कार्बाइन के साथ नागाघेर (रानीपोखरी) स्थित अपने घर पहुंचे।
जूता उतारते समय हुआ हादसा!
मृतक हेड कांस्टेबल के बेटे तुषार ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि रात सवा नौ बजे के आसपास उसके पिता ने घर का गेट खटखटाकर आवाज दी थी।
इसके बाद जब वह आंगन में अपने जूते उतार रहे थे,
तभी अचानक उनके जमीन पर गिरने की और साथ ही गोली चलने की तेज आवाज आई।
आवाज सुनकर जब घर के भीतर मौजूद पत्नी, बेटा और बेटी तुरंत बाहर आंगन की तरफ भागे, तो उन्होंने देखा कि सुनील कुमार लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरे हुए थे।
परिजन उन्हें तुरंत निजी वाहन से जॉलीग्रांट अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची FSL और फील्ड यूनिट
घटना की सूचना मिलते ही रानीपोखरी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया,
जिसके बाद फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमों को घटनास्थल पर बुलाया गया।
FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की।
अस्पताल में भी फॉरेंसिक टीम द्वारा शव का निरीक्षण किया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
फिलहाल पुलिस शव के पंचायतनामे (Inquest) की कार्रवाई कर रही है और घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।






