देहरादून में पार्सल लौटाने से इंकार पर डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला,आरोपी गिरफ्तार
Delivery Boy Attacked in Dehradun for Refusing to Return Parcel; Accused Arrested
देहरादून,25 मई 2026 : राजधानी देहरादून की प्रेमनगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पार्सल वापस ले जाने को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपी ने डिलीवरी बॉय पर धारदार हथियार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
क्या था पूरा मामला ?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार (25 मई 2026) को नवीन कुमार नाम के डिलीवरी बॉय ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी।
नवीन न्यू स्मिथ नगर इलाके में एक पार्सल की डिलीवरी करने गया था।
वहां सुमित लोधी नाम के व्यक्ति ने पार्सल को गलत बताते हुए लेने से इनकार कर दिया और नवीन से उसे वापस ले जाने को कहा।
जब नवीन ने पार्सल वापस ले जाने में असमर्थता जताई, तो बात इतनी बढ़ गई कि सुमित लोधी ने आपा खो दिया और नवीन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इस हमले में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रेमनगर पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर बनी टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के लिए कोतवाली प्रेमनगर में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
घटना के बाद से ही आरोपी सुमित लोधी अपने घर से फरार हो गया था।
पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
चाय बागान से दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सुरागरसी-पतारसी के जरिए आरोपी के बारे में सटीक जानकारी जुटाई।
आज मुखबिर की पक्की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित लोधी को मोहनपुर चाय बागान से गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास बद्रीपुर से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: सुमित लोधी (उम्र 30 वर्ष)
पिता का नाम: सुभाष लोधी
निवासी: न्यू कॉलोनी स्मिथ नगर, प्रेम नगर, देहरादून
बरामदगी:
घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में इन पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही:
उप-निरीक्षक (U.I.) प्रद्युमन सिंह नेगी
कांस्टेबल रोबिन






