माँ की गुहार पर 2 वर्ष पुराने हिट एंड रन केस का खुलासा,आरोपी चालक गिरफ्तार
Two-Year-Old Hit-and-Run Case Solved; Accused Driver Arrested
देहरादून,6 मई 2026 : राजधानी की प्रेमनगर पुलिस ने दो साल पुराने सड़क हादसे के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने एक ऐसे डंपर चालक को गिरफ्तार किया है,
जिसकी लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई थी।
खास बात यह है कि इस मामले में साक्ष्य न मिलने के कारण पूर्व में पुलिस ‘फाइनल रिपोर्ट’ (FR) लगा चुकी थी,
लेकिन एसएसपी देहरादून के हस्तक्षेप और दोबारा जांच के बाद आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
क्या था मामला ?
19 फरवरी 2024 को डालनवाला निवासी ललिता चौधरी ने तहरीर दी थी
जिसमें बताया गया कि एक अज्ञात डंपर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर उनके पुत्र को टक्कर मार दी थी।
उपचार के दौरान युवक की मृत्यु हो गई।
थाना प्रेमनगर में धारा 279/304A भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुरुआती जांच में पुख्ता साक्ष्य न मिलने के कारण पुलिस ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी थी।
मा की गुहार और एसएसपी का एक्शन
न्याय की उम्मीद में मृतक की माता ने एसएसपी देहरादून से मिलकर घटना की दोबारा जांच का अनुरोध किया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारी प्रेमनगर को न्यायालय से पुनर्विवेचना (Re-investigation) की अनुमति लेने के निर्देश दिए।
कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर नए सिरे से सुराग जुटाना शुरू किया।
साइंटिफिक जांच और गिरफ्तारी
गठित टीम ने पुराने साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिले नए तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण किया।
गहन छानबीन के बाद पुलिस ने आखिरकार घटना में शामिल डंपर (संख्या: UK-07-CB-6929) को ट्रैक कर कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपी चालक दल बहादुर को 05 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पकड़े गए आरोपी दल बहादुर ने बताया कि हादसे के बाद उसने तुरंत वाहन मालिक को इसकी सूचना दे दी थी।
पकड़े जाने के डर से मालिक ने उसे कुछ समय के लिए दूसरे वाहन पर भेजकर कहीं और शिफ्ट कर दिया था।
पुलिस अब इस मामले में वाहन मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है और एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: दल बहादुर पुत्र कर्ण बहादुर
निवासी: बाढ़ वाला, विकास नगर, जनपद देहरादून
बरामदगी:
घटना में प्रयुक्त डंपर (UK-07-CB-6929)






